fbpx
Monday, March 27, 2023

Maharashtra Politics: ‘धोखेबाजों को सबक सिखाने का वक्त आ गया है’, एकनाथ शिंदे पर अजीत पवार का वार, कार्यकर्ताओं को बताया क्यों महत्वपूर्ण उपचुनाव

Maharashtra Bypolls: महाराष्ट्र में MLC चुनाव के बाद अब राजनीतिक पार्टियां की नजर दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव पर है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजीत पवार ने सोमवार (13 फरवरी, 2023) को एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह उन गद्दारों को सबक सिखाने का वक्त आ गया है। जिन्होंने राज्य में महाविकास अघाड़ी (MVA) द्वारा किए जा रहे अच्छे कामों को रोक दिया।

अजीत पवार चिंचवाड़ उपचुनाव के लिए एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जून 2022 में एकनाथ शिंदे की बगावत का जिक्र किया, जिन्होंने उद्धव ठाकरे सरकार को गिरा दिया था। शिंदे भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे। चिंचवाड़ के अलावा पुणे जिले में की कसबा सीट पर उपचुनाव होने हैं। इन दोनों सीटों पर 26 फरवरी को उपचुनाव होंगे। जो भाजपा विधायक मुक्ता तिलक और लक्ष्मण जगताप के निधन के कारण खाली हुई हैं।

पवार राकांपा सहयोगी और एमवीए उम्मीदवार नाना काटे के लिए प्रचार कर रहे थे, जो चिंचवाड़ में भारतीय जनता पार्टी के अश्विनी जगताप के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। इस दौरान पवार ने कहा कि इन दो सीटों को जीतकर, हमें सबको दिखाना होगा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली एमवीए सरकार देशद्रोहियों द्वारा रोके जाने से पहले अच्छा काम कर रही थी। उन्हें सबक सिखाने का समय आ गया है। इसलिए ये उपचुनाव हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।

पवार ने एमएलसी और राज्यसभा चुनावों में मतदान के लिए बीमार विधायकों मुक्ता तिलक और लक्ष्मण जगताप को एंबुलेंस में मुंबई के विधानमंडल परिसर में ले जाने के लिए भाजपा की आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि यह काम उनके लिए असहनीय था, लेकिन वे पार्टी के लिए चुप रहे। भाजपा को समझना चाहिए था कि स्वास्थ्य चुनाव से ज्यादा महत्वपूर्ण है, लेकिन इन स्वार्थी लोगों (भाजपा नेताओं) ने ध्यान नहीं दिया।

आदित्य ठाकरे ने की शिंदे सरकार की आलोचना
सभा को संबोधित करते हुए, शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि एमवीए इन दो उपचुनावों को उसी तरह जीतेगा जैसे उसने हाल के एमएलसी चुनावों में भाजपा-बालासाहेबंची शिवसेना गठबंधन को हराया था। उन्होंने दावा किया कि सर्वेक्षणों के अनुसार, अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो एमवीए को 34 से 36 सीटें और भाजपा-शिंदे गुट को 12 सीटें मिलेंगी। उन्होंने उद्योगों को दूसरे राज्यों में जाने को लेकर शिंदे सरकार की आलोचना की। रैली में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले भी मौजूद थे।

Related Articles

नवीनतम