fbpx
Monday, March 27, 2023

Nagaland Elections: नागालैंड रचेगा इतिहास! आज तक कोई महिला नहीं बनी विधायक, इस बार 4 ‘रण’ में उतरीं

Nagaland Assembly Election 2023: नागालैंड की 14वीं विधानसभा के लिए 27 फरवरी 2023 को मतदान होगा। चुनाव में 13 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे लेकिन इस राज्य की सबसे खास बात है कि यहां एक भी महिला विधायक नहीं है। 14 विधानसभा चुनावों में राज्य में एक महिला कभी नहीं जीती है पर इस बार चार महिला उम्मीदवार इस इतिहास को बदलने की मंशा से चुनावी मैदान में उतर रही हैं।

नागालैंड की 60 सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे 184 उम्मीदवार

नागालैंड की सभी 60 निर्वाचन सीटें अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित हैं। यहां पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक रहती है लेकिन उसके बावजूद राज्य में एक भी महिला विधायक नहीं है। हालांकि, इस बार स्थिति थोड़ी अलग है। नागालैंड की 60 सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे 184 उम्मीदवारों में से इस बार 4 महिला उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं। 27 फरवरी को होने वाले मतदान के बाद इस बात की संभावना है कि इस बार नागालैंड में कम से कम एक महिला विधायक आ सकती हैं।

इस बार नागालैंड के ‘रण’ में उतरीं 4 महिलाएं

नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) के टिकट पर दीमापुर-तृतीय निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही 48 वर्षीय हेकानी जाखलू इस बार मैदान में उतरी चार महिलाओं में से एक हैं। एनडीपीपी नागालैंड में विपक्ष-रहित सरकार का नेतृत्व करती है और भाजपा के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन में है। इस बार चुनाव में महिलाओं की साख मजबूत है, भले ही वे चुनावी व्यवस्था में मजबूती से जमे पुरुषों का सामना कर रही हों। 57 वर्षीय काहुली सेमा एटोइजू से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ के रूप में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद साल 2022 में राजनीति में उतरी थीं। काहुली लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर-इन-चीफ का पद संभालने वाली केवल दूसरी नागा महिला रही हैं।

पश्चिमी अंगामी से एनडीपीपी की उम्मीदवार सलहौतुओनुओ क्रूस (56) के पास नागरिक समाज संगठनों में काम का सालों का अनुभव है। वह अंगामी महिला संगठन की सलाहकार और अध्यक्ष रह चुकी हैं। 58 वर्षीय रोजी थॉमसन 1980 के दशक से कांग्रेस पार्टी की कार्यकर्ता होने के बाद टेनिंग से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। यह इन सभी चार महिलाओं का चुनावी राजनीति में पहला प्रवेश है।

शाजियाज अब तक नागालैंड से लोकसभा के लिए चुनी गई एकमात्र महिला

1964 के चुनाव की तरह, तीसरे (1974), चौथे (1977) और 9वें विधानसभा चुनावों में कोई महिला उम्मीदवार मैदान में नहीं थी। 1982 में हुए 5वें विधानसभा चुनाव में केवल एक महिला रानो एम शाजियाज थीं, जो नागालैंड की पहली लोकसभा सांसद थीं। उन्होंने पश्चिमी अंगामी से निर्दलीय चुनाव लड़ा था और हार गई थीं। शाजियाज अब तक नागालैंड से लोकसभा के लिए चुनी गई एकमात्र महिला हैं। वहीं, साल 2022 में बीजेपी नेता एस फांगनोन कोन्याक नागालैंड से पहली महिला राज्यसभा सांसद बनीं थीं।

Related Articles

नवीनतम