लोक गायिका नेहा सिंह राठौर वैसे तो आए दिन सुर्खियों में बनी रहती हैं। लेकिन इस बार वह अपने फेमस लोकप्रिय गीत ‘यूपी में का बा’पार्ट 2 को लेकर कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। दरअसल गायिका ने गाने में कानपुर देहात में हुए बुल्डोज़र एक्शन और उसमें जल कर मरी मां-बेटी को लेकर यूपी सरकार पर तंज कसा था।
इस गाने को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस ने गायिका को नोटिस भेजा है और तीन दिनों में उनसे इस गाने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं जाने माने कवि कुमार विश्वास ने नेहा सिंह का सपोर्ट किया है। उन्होंने कहा है कि उत्सव मनाओ। तुम्हारे कंठ में सरस्वरी सही शब्द उतार रही हैं।
कुमार विश्वास ने ट्वीट कर क्या लिखा
दरअसल नेहा सिंह राठौर ने ट्विटर पर पुलिस का वीडियो शेयर करते हुए लिखा था कि ‘यू पी में का बा पर पुलिस का नोटिस’ इस ट्वीट को कुमार विश्वास ने रिट्वीट करते हुए लिखा कि उत्सव मनाओ लड़की। जब किसी जनकवि के गीत गाने भर से पुलिस प्रशासन सरकार विचलित होने लगें तो समझो सरस्वती तुम्हारे कंठ में सही शब्द उतार रही हैं। आज़म साहब की भैंस ढूंढने में लगी रही महान पुलिस आज तुम तक पहुंची है। आरती उतारो दारोग़ा जी की हमने भी पंजाब वालों को लस्सी पिलाई थी।’
नेहा को पुलिस ने दी कार्रवाई की चेतावनी
बता दें कि नेहा सिंह को अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत शहजादपुर में उनके ससुराल के पते पर नोटिस भेजा गया है। नेहा को 160 सीआरपीसी के तहत नोटिस दी गई है। नोटिस में कहा गया है कि इस गीत से समाज में वैमनस्य और तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई है।
साथ ही नेहा से 7 सवाल किए गए हैं। नेहा से पूछा गया है कि यह गीत स्वयं लिखा है या किसी अन्य ने। पूछा गया है कि क्या यूट्यूब चैनल और ट्विटर पर खुद यह गीत अपलोड किया है। वीडियो में आप खुद हैं अथवा नहीं। इसी तरह के गायिका के सवाल किए गए हैं। जिसका स्पष्टीकरण नेहा सिंह से 3 दिन में मांगा गया है।
कौन हैं नेहा सिंह राठौर
नेहा सिंह राठौर का जन्म 1997 में बिहार के कैमूर जिले में हुआ था। नेहा सिंह ने कथित तौर पर कानपुर विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की और 2021 में लेखक हिमांशु सिंह से शादी की। पहली बार नेहा सिंह साल 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अपने गाने ‘यूपी में का बा’ के साथ 2020 में ‘बिहार में का बा’ की सफलता के बाद सुर्खियों में आईं थीं।