Thursday, September 28, 2023

कब है गंगा दशहरा, क्यों मनाते हैं ये पर्व? जानें सही डेट, पूजा विधि और शुभ योग

हिंदू धर्म में नदियों को भी माता कहा गया है। वैसे तो हमारे देश में कई पवित्र नदियां हैं, लेकिन इन सभी में गंगा नदी का स्थान सबसे ऊंचा है। हर साल ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दशहरा पर्व मनाया जाता है

इस पर्व से जुड़ी कई मान्यताएं और परंपराएं हैं। हरिद्वार, काशी आदि स्थानों पर जहां से गंगा नदी गुजरती हैं, वहां इस दिन गंगा के तट पर विशेष आयोजन किए जाते हैं। आगे जानिए इस बार कब मनाया जाएगा गंगा दशहरा पर्व.

इस दिन मनाया जाएगा गंगा दशहरा पर्व
पंचांग के अनुसार, ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि 29 मई, सोमवार की सुबह 11:49 से शुरू होकर 30 मई, मंगलवार की दोपहर 01:08 तक रहेगी। चूंकि दशमी तिथि का सूर्योदय 30 मई को होगा, इसलिए इसी दिन गंगा दशहरा का पर्व मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी तिथि पर गंगा नदी स्वर्ग से उतरकर धरती पर आई थी।

ये शुभ योग बनेंगे गंगा दशहरा पर
ज्योतिषियों के अनुसार, 30 मई को हस्त नक्षत्र दिन भर रहेगा। मंगलवार और हस्त नक्षत्र का संयोग बनने से सौम्य नाम का शुभ योग इस दिन बनेगा। इसके अलावा सिद्धि नाम का एक अन्य शुभ योग भी दिन भर रहेगा। ग्रहों की स्थिति भी इस दिन शुभ फल देने वाली रहेगी। इस दिन किए गए उपाय, पूजा आदि का शुभ फल जल्दी ही मिलेगा।

इस विधि से करें देवनदी गंगा की पूजा
– 30 मई, मंगलवार की सुबह स्नान आदि करने के बाद गंगा दशहरा की पूजा व व्रत का संकल्प लें। वैसे तो देवी गंगा की पूजा तट पर ही करनी चाहिए, लेकिन ऐसा संभव न हो तो आगे बताई गई विधि से घर पर भी गंगा पूजन कर सकते हैं।
– देवी गंगा की प्रतिमा या चित्र एक साफ स्थान पर स्थापित करें। पास में गंगा जल से भरा कलश रखें। इस कलश के रूप नारियल रखकर इस पर स्वस्तिक से कुंकुम बनाएं और पूजा का धागा बांधे
– देवी गंगा के चित्र पर फूल चढ़ाएं। शुद्ध घी का दीपक जलाएं। इसके बाद पंचोपचार (कुंकुम, चावल, अबीर, गुलाल, रोली) पूजा करें। फल आदि चीजें चढ़ाएं और आरती करें। देवी गंगा की पूजा से हर मनोकामना पूरी हो सकती है।

(नोट: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यता और लोक मान्यता पर आधारित है। इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं भी हो सकता। सामान्य हित और ज्ञान को ध्यान में रखते हुए यहां इसे प्रस्तुत किया जा रहा है।)

Related Articles

नवीनतम