Thursday, September 28, 2023

बालों को चमकदार के साथ-साथ मजबूत भी बनाता है आलू, इन तरीकों से बनाएं हेयर पैक

जिस प्रकार आज-कल मौसम बदल रहा है, प्रदूषण की मात्रा में इजाफा हो रहा है, उसकी वजह से लोगों के बालों पर इसका सीधा असर पड़ने लगा है। बालों की चमक कम होने लगी है।

बाल झड़ रहे हैं। इस समस्या से बचने के लिए बहुत से लोग पार्लर जाकर हजारों रुपये खर्च करके हेयर केयर ट्रीटमेंट ले रहे हैं। इन सब चीजों का असर कुछ समय तक ही रहता है। ऐसे में आज हम आपको बालों के लिए एक ऐसी चीज का इस्तेमाल करना बताएंगे, जिसके बाद आपके बालों में काफी बदलाव देखने को मिलेगा।

दरअसल, आप आलू के इस्तेमाल से अपने बालों को मजबूत के साथ-साथ चमकदार भी बना सकते हैं। इसके लिए आप घर पर ही आसानी से हेयर पैक तैयार कर सकते हैं। इन हेयर पैक्स को तैयार करना बेहद आसान है। आज के लेख में हम आपको इन पैक्स को बनाने के सही तरीके बताने जा रहे हैं, ताकि आपके बाल भी मजबूत बन सकें।

शहद और आलू

घर पर शहद और आलू का हेयरपैक बनाने के लिए आपको ज्यादा कुछ नहीं चाहिए होगा। इसके लिए आपको बस एक आलू, अंडे की जर्दी और एक बड़ा चम्मच शहद लेना है। सबसे पहले आलू को ब्लेंड करके इसका रस निकाल लें। अब इसमें बाकी सामान डालकर अच्छे से मिला लें। इस पैक को 40 मिनट के लिए बालों में लगाएं और फिर बाल धो लें। इसके इस्तेमाल से बाल शाइनी बनते हैं।

आलू और एलोवेरा

इन दोनों चीजों के इस्तेमाल से बालों में नमी की कमी पूरी होती है। इसके लिए सबसे पहले एक कटोरी में आलू के छिलके लें। इसे पीस कर अब इस पेस्ट में एक बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं। इसी पेस्ट को आपको कुछ समय के लिए स्कैल्प पर लगाना है।

दही और आलू

आलू कद्दूकस करने के बाद इसमें दही मिलाकर अपने बालों में लगाएं। इसे तकरीबन एक घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। उसके बाद सिर को शैंपू से धो लें। ये आपके स्कैल्प को साफ करता है।

आलू और नींबू

अगर आप इस पैक का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो सबसे पहले आलू को अच्छे से ब्लेंड कर लें। इस पेस्ट में अब नींबू का रस मिलाएं। आधे घंटे के लिए इसे अपने सिर पर लगाएं और फिर बालों को धो लें।

(नोट: स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी चीज का पालन करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।)

Related Articles

नवीनतम